ताजा खबर

प्रेमी से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, बारिश में भी दो घंटे तक डटी रही

Photo Source : Google

Posted On:Tuesday, June 2, 2026

प्रयागराज न्यूज डेस्क: प्रयागराज के मऊआइमा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती अपने प्रेमी से शादी की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब दो घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस, परिजनों और स्थानीय लोगों के समझाने-बुझाने पर युवती नीचे उतरने को तैयार हुई। इसके बाद पुलिस उसे पूछताछ के लिए थाने ले गई।

जानकारी के अनुसार, जाजापुर गांव निवासी युवती सोमवार दोपहर करीब तीन बजे गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। टावर पर चढ़ने के बाद उसने पड़ोस में रहने वाले युवक से शादी कराने की मांग शुरू कर दी। युवती बार-बार अपने प्रेमी को मौके पर बुलाने की जिद करती रही। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने काफी देर तक उसे समझाया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही। इस दौरान मौसम खराब हो गया और बारिश शुरू हो गई। बारिश के बावजूद युवती टावर पर बैठी रही, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई।

बारिश रुकने के बाद युवती के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले का समाधान निकालने का आश्वासन दिया। काफी समझाने के बाद युवती टावर से नीचे उतर गई। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, युवती का करीब दो वर्ष पहले प्रतापगढ़ जिले के एक युवक से विवाह हुआ था। पारिवारिक विवाद के चलते सामाजिक समझौते के बाद दोनों अलग हो गए थे। ग्रामीणों का कहना है कि युवती का अपने पड़ोस के युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। रविवार को दोनों के मिलने की जानकारी मिलने पर परिजनों ने उन्हें डांट-फटकार लगाई थी, जिसके बाद युवती ने यह कदम उठाया।

मऊआइमा थाना प्रभारी राममूर्ति यादव के अनुसार, प्रेम-प्रसंग के चलते युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी। दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत की जा रही है। मामले की जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


प्रयागराज और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. prayagrajvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.