प्रयागराज न्यूज डेस्क: प्रयागराज में संगम दर्शन कराने के बहाने कानपुर की दो सगी बहनों को लाकर उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है। पीड़िताओं का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्हें कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा। अदालत के आदेश पर घटना के करीब दस महीने बाद जार्जटाउन थाने में पारुल यादव, जोगेंद्र यादव और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
पीड़ित बहनों के मुताबिक, प्रयागराज पहुंचने के बाद उन्हें एक कमरे में ले जाया गया। वहां सूप बताकर उन्हें कुछ पिलाया गया। आरोप है कि इसके बाद तीन लोगों ने उनके साथ बारी-बारी से जबरन दुष्कर्म किया। जब दोनों ने इसका विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई। आरोपियों ने घटना का वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी।
कानपुर नगर के सजेती थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली दोनों बहनों की उम्र 21 और 17 साल है। शिकायत के अनुसार, 22 दिसंबर 2025 को वे पारुल यादव और जोगेंद्र यादव के साथ कार से प्रयागराज आई थीं। कार में ड्राइवर के अलावा एक और युवक भी था। यहां पहुंचने पर पहले उन्हें कचहरी ले जाया गया। इसके बाद संगम दर्शन कराने की बात कहकर जार्जटाउन इलाके के एक कमरे में ले जाया गया। रात करीब 10 बजे उन्हें वहां ठहराया गया।
आरोप है कि कमरे में पारुल यादव, जोगेंद्र यादव, ड्राइवर और एक अन्य युवक ने शराब पी। इसके बाद दोनों बहनों को सूप बताकर कुछ पिलाया गया और फिर उनके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर मारपीट की गई और वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई। अगले दिन दोनों बहनें आरोपियों के साथ ही कानपुर वापस लौट गईं।
पीड़िताओं ने पारुल यादव पर नर्सिंग में दाखिला दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपये लेने का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि पुलिस से शिकायत करने पर भी सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर अब एफआईआर दर्ज हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।