प्रयागराज न्यूज डेस्क: प्रयागराज के झूंसी इलाके में 18 साल की एक छात्रा ने अपने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारकर कथित तौर पर जान दे दी। त्रिवेणीपुरम की रहने वाली छात्रा मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट में सफल नहीं हो पाई थी और अगले प्रयास के लिए तैयारी कर रही थी। सोमवार को हुई इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कमरे में मिला माफीनामा, नीट पास न कर पाने का जिक्र
डीसीपी (सिटी) सागर जैन के मुताबिक, छात्रा देर रात तक पढ़ाई करती थी और आमतौर पर दोपहर करीब 2:30 बजे उठती थी। सोमवार को जब वह दोपहर 3 बजे तक कमरे से बाहर नहीं आई, तो परिवार के लोगों ने जाकर देखा। इसी दौरान घटना का पता चला। कमरे से मिले सुसाइड नोट में छात्रा ने नीट परीक्षा पास न कर पाने की बात लिखी थी और इसके लिए परिवार से माफी मांगी थी।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
छात्रा के पिता भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) में इंजीनियर रह चुके हैं और अब रिटायर हो चुके हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
10 पन्नों के नोट में पढ़ाई और मानसिक परेशानी का जिक्र
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, छात्रा के कमरे से 10 पन्नों का सुसाइड नोट मिला है। इनमें से दो पन्नों को उसने काट दिया था, जबकि बाकी आठ पन्नों में अपनी जिंदगी से जुड़ी परेशानियां लिखी थीं। नोट में उसने पढ़ाई, भविष्य की चिंता और पिछले दो साल से चल रहे मानसिक तनाव का जिक्र किया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, नीट में असफलता और काउंसलिंग से जुड़ी चिंता भी उसकी परेशानी की वजह हो सकती है। नोट में पिछले कई सालों से मन में आ रहे अनचाहे विचारों और ओसीडी व डिप्रेशन का भी उल्लेख किया गया है।