प्रयागराज न्यूज डेस्क: प्रयागराज के फाफामऊ स्थित चंदापुर में आदर्श कोल्ड स्टोरेज हादसे के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। शुरुआती जांच में लापरवाही सामने आने पर जिला उद्यान अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
फाफामऊ थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर हुए इस हादसे में कोल्ड स्टोरेज का हिस्सा अचानक गिर गया, जिससे चार श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज एसआरएन अस्पताल में जारी है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सपा नेता और पूर्व विधायक अंसार अहमद को हिरासत में ले लिया है। उनके बेटे मंजूर इलाही और भतीजे अलाउद्दीन से भी पूछताछ की जा रही है। प्रशासन इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहा है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमें मलबा हटाकर अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं।