प्रयागराज न्यूज डेस्क: मिर्जापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र के अकोढ़ी इलाके में मिर्जापुर-प्रयागराज हाईवे पर तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बड़ा हादसा हो गया। बाइक पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि टक्कर मारने के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि मुंगरा बादशाहपुर के गरियाऊं बाजार निवासी अब्दुल वाहिद अपनी पत्नी मेहजबीन (37) और भतीजे साहिल (20) के साथ हीरो स्प्लेंडर बाइक से नर्रोइयाँ बाजार जा रहे थे। अकोढ़ी पहुंचते ही पीछे से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क किनारे जा गिरे और बुरी तरह घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर अष्टभुजा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस से पीएचसी विजयपुर सर्रोई भिजवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि फरार पिकअप और चालक का सुराग मिल सके।