प्रयागराज न्यूज डेस्क: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित प्रयागराज दौरे की जानकारी मिलते ही शहर में तैयारियां तेज कर दी गईं। मंगलवार सुबह प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने कसारी-मसारी में पद्मलोक आवास योजना के लिए प्रस्तावित जमीन को समतल कराने के लिए जेसीबी मशीनें भेज दीं। दोपहर में पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी और पीडीए के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए यहां रातभर काम चलता रहा।
वहीं, नगर निगम ने भी मुख्यमंत्री के प्रस्तावित रूट पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया। एयरपोर्ट से तेलियरगंज तक अधिकारियों ने अलग-अलग मार्गों का निरीक्षण किया। सड़क और रास्तों को व्यवस्थित करने के साथ ही अन्य जरूरी इंतजामों की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री के रूट पर सड़क किनारे दुकान लगाने वाले पटरी दुकानदारों को दुकानें बंद रखने का अल्टीमेटम भी दिया गया है। प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी दौरे से पहले तैयारियों को पूरा करने में जुटे हुए हैं।