प्रयागराज न्यूज डेस्क: कांवड़ यात्रा और सावन माह के मद्देनजर प्रयागराज जिला प्रशासन ने सुरक्षा और नागरिक व्यवस्थाओं को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं। एडीएम (सिटी) सत्यम मिश्रा की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में कांवड़ मार्गों पर स्थित मांस की दुकानों को बंद रखने के आदेश दिए गए हैं, साथ ही सभी संबंधित विभागों को कांवड़ यात्रा के सुचारू संचालन के लिए ट्रैफिक, सुरक्षा, सड़क मरम्मत और चिकित्सा व्यवस्था समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस बार सावन का पवित्र महीना 30 जुलाई से 28 अगस्त तक मनाया जाएगा। लाखों कांवड़ियों के संगम और विभिन्न घाटों से गंगाजल लेकर शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रमुख मंदिरों में भी विशेष तैयारियां की जा रही हैं। ऐतिहासिक श्री मनकामेश्वर महादेव मंदिर में पूरे महीने भगवान शिव का 'महाकाल स्वरूप' में श्रृंगार (भांग, भस्म और गुलाल से) किया जाएगा। इसके अलावा कोटेश्वर महादेव, अरैल के सोमेश्वर महादेव और दारागंज के दशाश्वमेध महादेव मंदिर में भी रुद्राभिषेक और दैनिक विशेष अलौकिक श्रृंगार के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
प्रशासनिक तैयारियों के तहत पीडब्ल्यूडी को कांवड़ मार्गों को गड्ढा मुक्त करने और नगर निगम को जलजमाव रोकने तथा सड़कों की मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं। बिजली विभाग को जर्जर या लटके हुए तारों को ठीक करने और राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध कटों को बंद करने को कहा गया है। इसके अतिरिक्त कांवड़ मार्गों पर लंगर और भंडारे मुख्य सड़कों से दूर लगाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में कोई बाधा न आए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को मार्ग में डॉक्टरों, एम्बुलेंस और दवाओं की समुचित तैनाती के आदेश दिए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखने के लिए पुलिस विभाग को विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार करने, संवेदनशील व मिश्रित आबादी वाले इलाकों में कड़ी निगरानी रखने, प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात करने और डीजे के लिए निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन कराने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। मानकों का उल्लंघन करने पर डीजे उपकरण जब्त करने की चेतावनी दी गई है।