प्रयागराज न्यूज डेस्क: प्रयागराज के कलक्ट्रेट स्थित संगम सभागार में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान प्रशासन का संवेदनशील चेहरा देखने को मिला। सोरांव थाना क्षेत्र के भोपतपुर गांव निवासी देवीलाल अपनी पत्नी और बेटियों राधा व अंशिका के साथ मिट्टी और पानी से सने कपड़ों में शिकायत लेकर पहुंचे। उनकी हालत देखकर एडीएम सिटी सत्यम मिश्रा ने सबसे पहले परिवार के लिए नए कपड़ों की व्यवस्था कराई, फिर उनकी समस्या सुनी।
देवीलाल ने बताया कि मंगलवार सुबह धान की रोपाई के दौरान खेत की मेड़ पर मिट्टी रखने को लेकर उनके भाई रामदीन से विवाद हो गया। आरोप है कि कुछ देर बाद रामदीन की पत्नी, निकाहू की पत्नी और उनके दो बेटों ने मिलकर उनके परिवार के साथ मारपीट की।
पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद वे सोरांव थाने पहुंचे, लेकिन वहां उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वे न्याय की उम्मीद लेकर सुबह करीब 11 बजे जनसुनवाई में कलक्ट्रेट पहुंचे।
उस समय जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा हाईकोर्ट में मौजूद थे, इसलिए जनसुनवाई की जिम्मेदारी एडीएम सिटी सत्यम मिश्रा संभाल रहे थे। उन्होंने परिवार की स्थिति को देखते हुए पहले कपड़े उपलब्ध कराए और फिर शिकायत सुनकर सोरांव थाना प्रभारी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही पीड़ित परिवार के सुरक्षित घर लौटने की भी व्यवस्था कराई।