प्रयागराज न्यूज डेस्क: प्रयागराज में अपना घर खरीदने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने शुक्रवार से अपनी छह आवासीय योजनाओं में फ्लैटों की बिक्री शुरू कर दी है। खास बात यह है कि अब आवेदन के लिए किसी तय समय सीमा का इंतजार नहीं करना होगा। लोग कभी भी आवेदन कर सकेंगे और फ्लैटों की बिक्री पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगी।
पीडीए की इन छह योजनाओं में कुल 465 फ्लैट बिक्री के लिए रखे गए हैं। इनमें नैनी की जान्हवी अपार्टमेंट, मानस विहार आवास योजना और यमुना विहार आवास योजना शामिल हैं। वहीं कालिंदीपुरम में जागृति विहार अपार्टमेंट, मौसम विहार अपार्टमेंट और वसुधा विहार आवास योजना के फ्लैट भी खरीदे जा सकेंगे।
दरअसल, पहले पीडीए फ्लैटों की बिक्री के लिए एक महीने की अवधि तय करता था और इसी दौरान ऑनलाइन आवेदन मांगे जाते थे। तय समय में आवेदन नहीं कर पाने वाले लोगों को अगली बिक्री प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार करना पड़ता था। अब इस व्यवस्था को खत्म किया जा रहा है, जिससे इच्छुक लोगों को अपनी सुविधा के हिसाब से आवेदन करने का मौका मिलेगा।
पीडीए के संपत्ति प्रभारी और जोनल अधिकारी सूरज पटेल ने बताया कि लोगों को आसानी से फ्लैट उपलब्ध कराने के मकसद से बिक्री प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था के तहत आवेदन की तय समय सीमा की बाध्यता नहीं रहेगी और उपलब्ध फ्लैट पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर बेचे जाएंगे।