प्रयागराज न्यूज डेस्क: हेल्थकेयर सेक्टर की कंपनी पार्क मेडि वर्ल्ड लिमिटेड को प्रयागराज में 550 बेड का मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने और चलाने का बड़ा कॉन्ट्रैक्ट मिला है। यह प्रोजेक्ट प्रयागराज नगर निगम ने पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत कंपनी को दिया है। इस प्रोजेक्ट के जरिए पार्क ग्रुप उत्तर प्रदेश में अपने हेल्थकेयर कारोबार का विस्तार करेगा।
कंपनी के मुताबिक, अस्पताल 3.22 एकड़ जमीन पर बनाया जाएगा और इसके निर्माण में करीब 200 करोड़ रुपये का निवेश होगा। अस्पताल को तय समय सीमा के दो साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण पूरा होने के बाद पार्क ग्रुप 45 साल की लंबी लीज पर अस्पताल का संचालन करेगा। भविष्य में विस्तार के लिए कंपनी को कमर्शियल ऑपरेशन शुरू होने के पांच साल बाद अतिरिक्त 2.47 एकड़ जमीन लेने का विकल्प भी दिया गया है।
अस्पताल प्रयागराज के घनी आबादी वाले इलाके में अरैल घाट के ठीक पीछे बनाया जाएगा। अरैल घाट का एक हिस्सा वीआईपी दर्शन के लिए आरक्षित है। यह जगह सड़क मार्ग से संगम घाट से करीब 3 किलोमीटर और नाव से करीब 0.5 किलोमीटर दूर है। ऐसे में अस्पताल से प्रयागराज आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ शहर और आसपास के इलाकों में रहने वाली बड़ी आबादी को भी स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। कंपनी का दावा है कि तैयार होने के बाद यह प्रयागराज का सबसे बड़ा निजी अस्पताल होगा।
इस प्रोजेक्ट में राज्य सरकार भी निर्माण लागत में सहयोग करेगी। प्रयागराज नगर निगम कंपनी को अस्पताल के निर्माण के लिए 76.52 करोड़ रुपये की प्रतिपूर्ति करेगा, जो करीब 200 करोड़ रुपये के कुल निवेश का लगभग 38 फीसदी है। इसके बदले कंपनी को हर साल 18.10 करोड़ रुपये का कन्सेशन शुल्क देना होगा, जिसमें हर साल 3 फीसदी की बढ़ोतरी होगी। कंपनी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में प्रति 1,000 आबादी पर अस्पताल बेड की उपलब्धता राष्ट्रीय औसत और WHO के 3 बेड प्रति 1,000 आबादी के मानक से काफी कम है। रिपोर्ट लिखे जाने के समय पार्क मेडि वर्ल्ड का शेयर बीएसई पर 1.59 फीसदी बढ़कर 288.35 रुपये और एनएसई पर 1.41 फीसदी बढ़कर 288.05 रुपये पर कारोबार कर रहा था।