प्रयागराज न्यूज डेस्क: उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) की पहली अमृत भारत एक्सप्रेस का सफर शुक्रवार को प्रयागराज जंक्शन से शुरू हुआ। शाम 6:10 बजे ट्रेन को लोकमान्य तिलक टर्मिनस के लिए रवाना किया गया। हालांकि स्टेशन से निकलते ही ट्रेन को जंजीर खींचकर रोकना पड़ा, जिससे करीब पांच मिनट की देरी हुई।
दरअसल, ट्रेन के स्लीपर कोच के कुछ यात्री प्लेटफॉर्म पर ही छूट गए थे। प्रयागराज जंक्शन का प्लेटफॉर्म नंबर 10 छोटा होने के कारण ट्रेन के आखिरी दो डिब्बे प्लेटफॉर्म की सीमा से बाहर रह गए थे। ऐसे में इन डिब्बों में यात्रियों को चढ़ने और उतरने में परेशानी हुई।
यात्रियों ने मांग की है कि इतनी लंबी दूरी की अमृत भारत एक्सप्रेस को प्लेटफॉर्म नंबर 1, 4 या 5 से चलाया जाए। हालांकि पहले दिन ट्रेन को यात्रियों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली। स्लीपर श्रेणी की सभी सीटें पूरी तरह बुक रहीं, जबकि 11 जनरल डिब्बे होने के कारण अनारक्षित श्रेणी में ज्यादा भीड़ नहीं दिखी और कई सीटें खाली रहीं।