प्रयागराज न्यूज डेस्क: प्रयागराज में रसोई गैस की किल्लत के बीच अब दुकानदारों द्वारा घरेलू सिलेंडरों के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। वाणिज्यिक सिलेंडर नहीं मिलने पर कई दुकानदार घरेलू गैस का उपयोग कर रहे हैं, जिस पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के निर्देश पर आपूर्ति विभाग की टीम ने नैनी के महेवा पट्टी इलाके में छापेमारी की। इस दौरान जिला पूर्ति अधिकारी सुनील सिंह के निर्देशन में पूर्ति अधिकारी संतोष कुमार और संजय कुमार ने कार्रवाई करते हुए ‘गुप्ताजी कचौड़ी वाले’ के नाम से मशहूर राजू गुप्ता के यहां से पांच घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए।
सभी सिलेंडरों को कब्जे में लेकर संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। गैस संकट के बीच जिले में यह पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में लगातार अभियान चलाया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान एआरओ लालजी पाल समेत पुलिस और आपूर्ति विभाग की टीम मौजूद रही। वहीं, गैस की उपलब्धता की स्थिति जांचने के लिए एडीएम सिटी सत्यम मिश्र और जिला पूर्ति अधिकारी सुनील सिंह ने नैनी क्षेत्र के गोदामों का निरीक्षण भी किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्टॉक और मांग की स्थिति का जायजा लिया और सख्त निर्देश दिए कि कहीं भी जमाखोरी या कालाबाजारी न होने पाए। अगर कोई ऐसा करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।