प्रयागराज न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के मांडा इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला को उसके पति ने मायके से लौटने पर ना केवल घर में जगह देने से इनकार कर दिया, बल्कि अपनी दूसरी पत्नी के साथ मिलकर उसे पीटा और घर से निकाल दिया। विवाहिता अनीता देवी को यह जानकारी भी तब मिली जब वह मायके से एक माह बाद वापस अपने ससुराल पहुंची कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है।
अनीता की शिकायत के अनुसार, उसकी शादी 27 मई 2022 को सुनील कुमार से हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुई थी। शादी के एक साल बाद जब बेटी पैदा हुई, तो उसके ससुरालवालों का व्यवहार बदलने लगा। पति सुनील कुमार, सास सरिता देवी और ससुर राम नरेश ने उस पर दहेज का दबाव डालना शुरू कर दिया। घरेलू झगड़े और मारपीट के चलते एक माह पहले उसे मायके भेज दिया गया।
19 मई 2025 को जब अनीता अपने ससुराल पहुंची तो पता चला कि उसके पति ने 17 मई को संगीता नाम की दूसरी महिला से विवाह कर लिया है और अब वह उसी के साथ घर में रह रहा है। जैसे ही अनीता ने विरोध जताया, उसके पति, सास-ससुर और सौतन ने मिलकर उसे बुरी तरह पीटा और घर से निकाल दिया। अनीता का आरोप है कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़िता ने इंस्पेक्टर मांडा शैलेंद्र सिंह को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति सुनील कुमार, उसकी दूसरी पत्नी संगीता, सास सरिता देवी और ससुर राम नरेश के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला का कहना है कि उसने बिरादरी पंचायत में भी मामला उठाया, लेकिन ससुराल वालों पर कोई असर नहीं हुआ।