प्रयागराज न्यूज डेस्क: प्रयागराज में गैस सिलेंडर की किल्लत से लोगों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। नैनी स्थित बसंत गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है, बावजूद इसके न तो उन्हें रसीद मिल पा रही है और न ही सिलेंडर। तेज धूप और गर्मी के बीच लोग सुबह से ही अपनी बारी का इंतजार करते नजर आ रहे हैं।
हालांकि उपभोक्ता मोबाइल से ऑनलाइन बुकिंग कर रहे हैं, लेकिन कई लोगों को कन्फर्मेशन मैसेज नहीं मिल रहा। जिनके पास मैसेज पहुंच भी रहा है, उन्हें रसीद लेने के लिए एजेंसी के बाहर लंबी कतार में लगना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि पहले पासबुक जमा करनी होती है, फिर पर्ची के लिए अलग लाइन और उसके बाद सिलेंडर के लिए दूसरी लाइन में लगना पड़ता है।
हॉकरों का कहना है कि अब बिना पर्ची के सिलेंडर देना संभव नहीं है। एजेंसी से भी सिलेंडर सीमित संख्या में और रसीद के आधार पर ही दिए जा रहे हैं। पहले जरूरतमंदों को बिना पर्ची के भी गैस मिल जाती थी, लेकिन अब सख्ती बढ़ा दी गई है और गिनती के हिसाब से ही वितरण हो रहा है।
वहीं एजेंसी संचालक का कहना है कि गैस की कोई वास्तविक कमी नहीं है, बल्कि अफवाहों के चलते भीड़ बढ़ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सिर्फ वैध बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं को ही सिलेंडर दिया जाएगा और ब्लैक में या बिना बुकिंग के किसी को गैस नहीं मिलेगी।