प्रयागराज न्यूज डेस्क: प्रयागराज के मेजा अग्निशमन केंद्र से लीडिंग फायरमैन (LFM) जीतनारायण ने अपनी लंबी और समर्पित सरकारी सेवा के बाद सेवानिवृत्ति ले ली। दशकों तक आग की भीषण घटनाओं से जूझते हुए उन्होंने न सिर्फ कर्तव्य निभाया, बल्कि अनेक लोगों की जान बचाकर मानवता की मिसाल पेश की। उनकी विदाई के मौके पर पूरा स्टाफ भावुक नजर आया।
विदाई समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) चंद्र मोहन शर्मा ने जीतनारायण को अंगवस्त्र, रामायण, हनुमान चालीसा और छड़ी भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा, “जीतनारायण जैसे समर्पित कर्मी विभाग की असली ताकत होते हैं। सेवानिवृत्ति भले ही औपचारिक प्रक्रिया हो, लेकिन उनका अनुभव और मार्गदर्शन हमारे लिए अमूल्य रहेगा।”
अधिकारियों के साथ-साथ अधीनस्थ कर्मचारी भी अपने वरिष्ठ को विदा करते हुए भावुक हो उठे। फायरमैन गंगाराम यादव और राम यादव ने बताया कि जीतनारायण सिर्फ आदेश देने वाले अधिकारी नहीं थे, बल्कि मैदान में उतरकर एक गुरु की तरह प्रशिक्षण देते थे। उनके जाने से मेजा फायर स्टेशन ने एक अनुभवी मार्गदर्शक खो दिया है।
सेवानिवृत्ति की सूचना मिलते ही उनके शुभचिंतकों की भीड़ केंद्र पर उमड़ पड़ी। विदाई के अंतिम पलों में ‘जीतनारायण अमर रहें’ के नारों और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं से पूरा परिसर गूंज उठा। सभी ने उनके स्वस्थ, सुखी और शांतिपूर्ण जीवन की कामना की।