प्रयागराज न्यूज डेस्क: चेन स्नेचिंग की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, छीनी गई पीली धातु की चेन और 6 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 26 जून को बड़ौढ़ी निवासी आरती तिवारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह टेंपो से यात्रा कर रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश उनके गले से चेन छीनकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
मामले के खुलासे के लिए थानाध्यक्ष सुशील कुमार दुबे के नेतृत्व में टीम गठित की गई। शनिवार को पुलिस ने लखनपुर के पास बगिया के पीछे घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विपिन कुमार निषाद (35) निवासी मवैया, थाना औद्योगिक क्षेत्र और आनंद निषाद (34) निवासी बीकर, थाना धूरपुर के रूप में हुई है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।