प्रयागराज न्यूज डेस्क: जौनपुर जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र में सोमवार रात हुए तिहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया। गढ़ी कला मोहल्ले में किराए के कमरे में रहने वाले एक दिव्यांग दंपती और एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह घटना का पता चलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस जांच में जुट गई।
मृतकों में एक दिव्यांग पति-पत्नी और करीब 45 वर्षीय महिला शामिल हैं। तीनों कबाड़ बीनकर अपना गुजारा करते थे। फिलहाल उनकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार, तीनों के शव कमरे में खून से लथपथ मिले। शुरुआती जांच में किसी भारी वस्तु या गैस सिलेंडर से हमला कर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
यह वारदात गढ़ी कला मोहल्ले में रहने वाली सुशीला देवी के मकान में हुई। दिव्यांग दंपती करीब छह महीने पहले दो हजार रुपये महीने के किराए पर यहां रहने आए थे। मकान मालकिन ने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे तक सब सामान्य था। मंगलवार सुबह जब वह ऊपर पहुंचीं तो कमरे में तीनों के शव पड़े मिले। इसके बाद उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृत दंपती के पास एक महिला अक्सर आती-जाती थी और कई बार उनके बीच विवाद भी होता था। पड़ोसियों ने भी रात में किसी भारी चीज गिरने जैसी आवाज सुनने की बात कही, लेकिन उस समय किसी ने ध्यान नहीं दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एसीपी रवि गुप्ता, शाहगंज थाना प्रभारी वैभव सिंह और पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने मकान मालकिन के बेटे समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे आपसी विवाद की आशंका है, लेकिन किसी चौथे व्यक्ति की भूमिका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच जारी है।