प्रयागराज न्यूज डेस्क: प्रयागराज के रामबाग आरपीएफ थाने से फरार हुए चोरी के आरोपी मोनू कुमार को बुधवार को जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। रेलवे उपकरण चोरी के मामले में पकड़े गए मोनू पर अब पुलिस कस्टडी से भागने का केस भी दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसे झूंसी रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा।
रामबाग आरपीएफ ने सोमवार को रेलवे के उपकरण चोरी करने के आरोप में वाराणसी निवासी राजू और झूंसी निवासी मोनू को गिरफ्तार किया था। दोनों को आरपीएफ लॉकअप में रखा गया था। मंगलवार सुबह मोनू ने बाथरूम जाने की बात कही। आरपीएफ जवान ने जैसे ही लॉकअप का दरवाजा खोला, उसने जवान को धक्का दिया और मौके से भाग गया। घटना के बाद ड्यूटी पर तैनात सुरेंद्र गौतम और राम नगीना को निलंबित कर दिया गया।
मोनू के फरार होने के मामले में रामबाग आरपीएफ प्रभारी दयाशंकर यादव की तहरीर पर जीआरपी थाने में एफआईआर दर्ज की गई। इसमें फरार आरोपी के साथ ड्यूटी पर तैनात दोनों जवानों को भी शामिल किया गया। इसके बाद जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
जीआरपी इंस्पेक्टर एके सिंह और आरपीएफ इंस्पेक्टर दयाशंकर यादव की संयुक्त टीम को मुखबिर से मोनू के झूंसी रेलवे स्टेशन के आसपास होने की सूचना मिली। टीम ने बुधवार को वहां छापेमारी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में मोनू ने आरपीएफ जवान को धक्का देकर भागने की बात स्वीकार की। अब उसके खिलाफ रेलवे उपकरण चोरी और पुलिस कस्टडी से फरार होने के मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।