प्रयागराज न्यूज डेस्क: प्रयागराज के शाहगंज इलाके में हुए ट्रिपल मर्डर का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने गुरुवार को मुठभेड़ के बाद आकाश कुमत नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी मूक-बधिर है और उसके दोनों पैरों में गोली लगी है। पुलिस के मुताबिक, उसने पत्नी के कथित अवैध संबंधों के शक में पत्नी, उसके प्रेमी और उसकी पत्नी की हत्या की। आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस और चार मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त को गढ़ी सराय इलाके के एक किराए के कमरे से दो महिलाओं और एक पुरुष के शव मिले थे। तीनों मूक-बधिर थे और आसपास कूड़ा बीनकर गुजारा करते थे। जांच के दौरान कमरे से एक डायरी मिली, जिसमें आरोपी की फोटो थी। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई तो वही शख्स घटना वाली रात कमरे के आसपास आता-जाता दिखाई दिया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
पूछताछ में आरोपी ने सांकेतिक भाषा के जरिए बताया कि उसे अपनी पत्नी और मृत युवक के बीच संबंध होने का शक था। 3 अगस्त की रात वह दंपति के कमरे में पहुंचा। वहां खाना खाने और शराब पीने के बाद उसने पत्नी को साथ चलने के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। गुस्से में आरोपी ने पहले पत्नी का सिर दीवार पर दे मारा और फिर कमरे में रखे छोटे गैस सिलेंडर से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए युवक और उसकी पत्नी पर भी उसने हमला किया, जिससे तीनों की मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था। गुरुवार को उसके एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में होने की सूचना मिली, जिसके बाद शाहगंज, एयरपोर्ट थाना और एसओजी की टीम ने भगवतपुर रेलवे अंडरपास के पास घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने टीम पर फायरिंग की और जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। डीसीपी मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के लिए सांकेतिक भाषा के विशेष शिक्षक की मदद ली गई। उसके खिलाफ हत्या के साथ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।