प्रयागराज न्यूज डेस्क: प्रयागराज के हंडिया में समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व प्रधान पवन यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लल्ला यादव, बृजेश यादव और निहाल अली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, तीनों एक ही बाइक से मौके पर पहुंचे थे और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए थे।
पुलिस के अनुसार, बाइक निहाल अली चला रहा था, जबकि बृजेश यादव बीच में और लल्ला यादव पीछे बैठा था। जांच में सामने आया है कि लल्ला यादव ने भी पवन यादव पर गोली चलाई थी। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक के साथ दो तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। शुरुआती पूछताछ में लल्ला यादव ने पवन से व्यक्तिगत दुश्मनी होने की बात बताई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने करीब 20 हजार रुपये में दो तमंचे और कारतूस खरीदे थे। मंगलवार शाम हंडिया थाना क्षेत्र में बाइक सवार हमलावरों ने पवन यादव को गोली मार दी थी। घायल हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पवन मुंगराव गांव के रहने वाले थे और सपा के युवा नेता, जिला सचिव और पूर्व प्रधान रह चुके थे।
डीसीपी गंगानगर जोन कुलदीप सिंह गुनावत के मुताबिक, घटना के बाद पुलिस ने जांच के लिए कई टीमें बनाई थीं और मौके से सीसीटीवी फुटेज भी मिले थे। पवन के भाई ब्रजेश यादव ने बताया था कि वह किसी के बुलाने पर घर से निकले थे और परिवार की ओर से किसी पुरानी या पारिवारिक रंजिश की आशंका नहीं जताई गई थी। एसआरएन अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में तीन डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। इस दौरान वहां सपा नेताओं और समर्थकों की भीड़ जुटी रही और सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।