प्रयागराज न्यूज डेस्क: प्रयागराज की रहने वाली आंगनबाड़ी सुपरवाइजर अनीता बिंद की झारखंड के चक्रधरपुर में चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। अनीता सोनुवा ब्लॉक के महिला एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय में सुपरवाइजर के पद पर तैनात थीं और किराये के कमरे में रहती थीं। पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे मिर्जापुर का रहने वाला अनिल कुमार बिंद उनसे मिलने उनके कमरे पर पहुंचा था। कुछ देर बाद कमरे से चीखने की आवाज सुनाई दी।
आवाज सुनकर मकान मालिक संजय साव और आसपास के लोग ऊपर पहुंचे। इसी दौरान अनिल कमरे से निकलकर भागने लगा, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। कमरे के अंदर अनीता का शव पड़ा था और शरीर पर चाकू से हमले के निशान थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे शव प्रयागराज के मांडा क्षेत्र स्थित उनके पैतृक गांव उल्दा पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई।
अनीता को करीब पांच महीने पहले ही आंगनबाड़ी सुपरवाइजर की नौकरी मिली थी। वह चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर की थीं और अभी अविवाहित थीं। उनके पिता काशी प्रसाद बिंद हैं। बड़ा भाई श्याम बिंद गांव में दर्जी का काम करता है, जबकि छोटा भाई आदर्श पढ़ाई करता है। छोटी बहन गीता ग्राम पंचायत का काम देखती हैं। बेटी की हत्या के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अनिल ने पूछताछ में खुद को अनीता का प्रेमी बताया है। दोनों के बीच करीब तीन साल से संबंध होने की बात सामने आई है। पुलिस फिलहाल हत्या को प्रेम प्रसंग से जोड़कर जांच कर रही है, लेकिन वारदात की असली वजह अभी साफ नहीं हुई है। चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवनीश भगौड़ा ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी से पूछताछ जारी है। परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी में जुटे हैं।