प्रयागराज न्यूज डेस्क: प्रयागराज के बहरिया थाना क्षेत्र के खलसा गांव में मक्के के खेत में दौड़ाए गए करंट की चपेट में आकर चाचा-भतीजे की मौत के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शुक्रवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए गए।
यह दर्दनाक घटना 8 जुलाई को हुई थी। मक्के के खेत में लगाए गए करंट की चपेट में आने से कमलेश यादव और उनके भतीजे प्रिंस यादव की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया और परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने नामजद आरोपी नागेंद्र बहादुर सिंह, निवासी खलसा गांव, को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी मानवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में एक अन्य आरोपी की भी भूमिका सामने आई है। उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।