प्रयागराज न्यूज डेस्क: प्रयागराज के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में जमीन दिलाने के नाम पर 76.50 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर के अनुसार, कर्नलगंज के नया कटरा, बेली रोड निवासी डॉ. कुलदीप कुमार गुप्ता ने आरोप लगाया है कि नैनी के पूरा फतेह मोहम्मद निवासी अभिषेक विश्वकर्मा ने शंकरगढ़ क्षेत्र में जमीन दिलाने का भरोसा देकर उनसे अलग-अलग समय पर 66.50 लाख रुपये ले लिए।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाद में आरोपी ने जो जमीन के दस्तावेज दिए, वे फर्जी निकले। दस्तावेजों में दूसरे लोगों की फोटो लगाकर कूटरचित अभिलेख तैयार किए गए थे।
डॉ. गुप्ता ने यह भी बताया कि जमीन की बाउंड्रीवाल बनवाने के नाम पर आरोपी को करीब 10 लाख रुपये और दिए गए। जब उन्हें दस्तावेजों पर शक हुआ और उन्होंने जमीन की रजिस्ट्री कराने या अपनी रकम वापस करने की बात कही, तो आरोपी टालमटोल करने लगा।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने भुगतान के लिए जो चेक दिया, वह बैंक में लगाने पर बाउंस हो गया। इसके बाद जब डॉ. गुप्ता ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से किए जाने के बाद शंकरगढ़ थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी सुशील कुमार दुबे ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।