प्रयागराज न्यूज डेस्क: लखनऊ-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे एक कार बैक हो रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार में सवार सात लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। कार प्रयागराज से लखनऊ की ओर जा रही थी, तभी यदुवंशी ढाबे के पास कट पर पीछे की तरफ आ रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई।
घायलों की पहचान गुलाम रसूल (70), अब्दुल्ला (19), अब्दुल रब (51), अब्दुल रहमान, अदनान, अब्दुल बख्श और हिमांश के रूप में हुई है। सभी प्रयागराज जिले के मऊआइमा थाना क्षेत्र के कुशियाना कलामऊ गांव के रहने वाले हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पहुंची एंबुलेंस सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां ले गई। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत सामान्य होने पर सभी को घर भेज दिया गया। इस बीच हादसे के कारण हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
एनएचएआई की टीम ने ट्रक के पिछले हिस्से में फंसी कार को बाहर निकाला। इसी दौरान प्रयागराज से लखनऊ जा रही एक स्कॉर्पियो भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकरा गई, जिससे उसका दाहिना हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार तेज रफ्तार में थी। पुलिस मौके पर पहुंचकर हादसे की जांच कर रही है।