प्रयागराज न्यूज डेस्क: प्रयागराज में चोरों ने अब घरों के साथ सरकारी संस्थानों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला मोती लाल नेहरू (एमएलएन) मेडिकल कॉलेज का है, जहां बदमाशों ने एनाटॉमी विभाग की मोर्चरी से लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। चोरों ने पांच कमरों में घुसकर पंखे, मशीनें और कई जरूरी उपकरण तक खोलकर निकाल लिए। घटना सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि दीपावली की छुट्टियों के दौरान 7 से 11 नवंबर के बीच बदमाश मोर्चरी में घुसे थे। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक वायरिंग, कूलिंग प्लांट, शव वाहन, बैटरी, एग्जॉस्ट फैन, आरा मशीन, मोटर और एसी के कंप्रेसर तक गायब कर दिए। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को भी नुकसान पहुंचाया गया। शुक्रवार को जब मोर्चरी खोली गई, तब चोरी का पता चला। अंदर का नजारा देखकर स्वास्थ्यकर्मी हैरान रह गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
एनाटॉमी विभाग के डॉक्टर बादल सिंह के मुताबिक, बदमाशों ने बिना किसी जल्दबाजी के पांच कमरों से सामान निकाला। विभागाध्यक्ष कृष्णा पांडेय की शिकायत पर जॉर्जटाउन पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। घटना के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के बावजूद मेडिकल कॉलेज के गेट पर निजी सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं, फिर लाखों रुपये का सामान परिसर से बाहर कैसे ले जाया गया। चोरी के कारण डॉक्टरों और मेडिकल छात्रों का काम भी प्रभावित हो रहा है।
शहर में चोरी और लूट की बढ़ती घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। कुछ दिन पहले जेल में बंद वकील और हत्या के आरोपी देवेंद्र नाथ मिश्रा के घर से नकदी, जेवरात के साथ लाइसेंसी बंदूक और राइफल भी चोरी हो गई थीं। उनके भाई की शिकायत पर कर्नलगंज पुलिस ने नामजद केस दर्ज किया, लेकिन अब तक हथियार बरामद नहीं हुए हैं। ऐसे में उनके गलत इस्तेमाल की आशंका भी बनी हुई है। वहीं, शादी-ब्याह का सीजन शुरू होने के बीच लोग अपने घरों की सुरक्षा को लेकर परेशान हैं।