प्रयागराज न्यूज डेस्क: प्रयागराज में 29 नवंबर को होने वाली ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (एआईबीई) के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बार काउंसिल ऑफ इंडिया परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से कराने की तैयारी कर रही है। कुछ परीक्षा केंद्रों पर गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति हेमा कोहली की अध्यक्षता वाली निगरानी समिति ने परीक्षा कराने वाली एजेंसी को कई जरूरी निर्देश दिए हैं।
सीसीटीवी से होगी परीक्षा केंद्रों की निगरानी
निगरानी समिति ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय के डीन, फैकल्टी ऑफ लॉ की देखरेख में एक केंद्रीय नियंत्रण कक्ष बनाने का निर्देश दिया है। इस कंट्रोल रूम से प्रयागराज के सभी परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए रियल टाइम निगरानी की जाएगी। इसके अलावा हर परीक्षा केंद्र पर स्वतंत्र पर्यवेक्षक भी तैनात किए जाएंगे।
परीक्षा खत्म होने के बाद ये पर्यवेक्षक अपनी रिपोर्ट के साथ केंद्रों की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग निगरानी समिति को सौंपेंगे। इन व्यवस्थाओं का मकसद परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकना और पूरी प्रक्रिया पर नजर रखना है।